सांसद की अभद्रता के खिलाफ कांग्रेसियों में उबाल – जिले के अलग अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन – सांसद कश्यप का फूंका गया पुतला, सार्वजनिक माफी की मांग

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा। बरेली के आंवला संसदीय क्षेत्र के सांसद धर्मेंद्र कश्यप द्वारा मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष से अभद्रता व धक्का मुक्की किए जाने पर कांग्रेसियों में खासा गुस्सा व्याप्त है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा है कि भाजपा सांसद ने अपने इस कृत्य से देवभूमि में अराजकता दिखाने का प्रयास किया है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।                          

भाजपा सांसद द्वारा जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के साथ की गई बदसलूकी के विरोध में नगर के कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य फ्रंटन संगठनों के सदस्य चौघानपाटा में एकत्र हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद कश्यप का पुतला फूंका और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा सांसद के इस कृत्य पर केंद्र रकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और सांसद को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड एक हिमालयी राज्य है और यहां के लोग ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के करोड़ों लोगों को जागेश्वर धाम पर अपार श्रद्धा है। ऐसे में अगर किसी व्यक्ति द्वारा यहां के लोगों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा तो उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में फिर से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए प्रशासन को जागेश्वर धाम में विशेष सुरक्षा दस्ता भी तैनात किया जाना चाहिए। इधर जागेश्वर में हुई इस घटना पर भैंसियाछाना में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूरन सिंह सुप्याल और व लमगड़ा में दीवान सतवाल के नेतृत्व में भाजपा सांसद कश्यप का पुतला फूंका गया। 

Advertisement
यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में भी चलने लगा बुलडोजर, इस विभाग की बड़ी कार्रवाई