
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी–काठगोदाम ने अपनी स्वामित्व वाली दुकानों के किराए में बढ़ोतरी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम सीमा के भीतर वर्तमान में लगभग 1250 दुकानें नगर निगम की हैं, जिन्हें निगम द्वारा किराए पर आवंटित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2016–17 में दुकानों को चार जोन में बांटकर किराया निर्धारित किया गया था। उस समय अधिकतम किराया ₹8 प्रति वर्गफुट प्रति माह और न्यूनतम ₹2 प्रति वर्गफुट प्रति माह तय किया गया था।
अब शहरी विकास सचिव के आदेश के बाद स्थानीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि स्वामित्व वाली संपत्तियों को बाजार मूल्य के न्यूनतम किराए पर आवंटित नहीं किया जाएगा। इसी निर्देश के अनुपालन में नगर निगम हल्द्वानी ने दुकानों का किराया बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की है।
निगम प्रशासन के अनुसार, शासनादेश के अनुरूप संशोधित किराया जल्द लागू किया जाएगा। इस कार्रवाई से नगर निगम की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है, वहीं दुकानदारों पर बढ़े किराए का असर पड़ सकता है


