निगोहां में चार जालसाजों ने रायबरेली हाईवे की करोड़ों की जमीन के फर्जी दस्तावेज दिखाकर पूर्व विधायक राकेश सिंह से एक करोड़ रुपये ठग लिए। …और पढ़ें
लखनऊ। निगोहां में चार जालसाजों ने रायबरेली हाईवे की करोड़ों की जमीन के फर्जी दस्तावेज दिखाकर पूर्व विधायक से एक करोड़ रुपए लेकर हड़प लिए।
पड़ताल में फर्जीवाडे का खुलासा होने पर आरोपियों ने पूर्व विधायक से गलती मानकर जल्द रकम लौटाने का भरोसा दिया। एक साल बाद भी भी हड़पी गई रकम वापस नही मिलने पर पूर्व विधायक ने पूर्व प्रधान और प्रॉपर्टी कारोबारी समेत चार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, सुशांत गोल्फ सिटी निवासी राकेश सिंह ने तहरीर देकर बताया कि आरोपित विकास तिवारी उर्फ अन्नमोल तिवारी प्रापर्टी कारोबारी, पूर्व प्रधान अशोक तिवारी निवासी दखिना निगोहां व अन्य दो लोगों ने खुद को जमीन का मालिक बताते हुए जमीन बेचने की बात कही।
आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व आरोपितों ने बैनामा और रजिस्ट्री से जुड़े कागजात दिखाकर जमीन बेचने का सौदा करीब दो करोड़ रुपये में तय किया। पीड़ित के मुताबिक आरोपितों के बताए बैंक खाते में 14 नवंबर 2024 को 25 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद रजिस्ट्री कराने के नाम पर अन्य किस्तों में भी नगद रुपये दिए गए।
बाद में जब रजिस्ट्री कराने की बात आई तो आरोपित टालमटोल करने लगे। पीड़ित ने बताया कि बाद में जांच करने पर पता चला कि जमीन से जुड़े कागजात फर्जी हैं और आरोपितों ने धोखाधड़ी कर रुपये हड़प लिए। इस दौरान मकान निर्माण व अन्य कार्यों में भी काफी रुपये खर्च हो गए।
थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि पीड़ित हरचंदपुर (रायबरेली) के पूर्व विधायक राकेश सिंह की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है


