महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव से गूंजा छोटा कैलाश धाम

खबर शेयर करें -

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर समूचा क्षेत्र हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान भोलेनाथ की तपोस्थली शिवधाम छोटा कैलाश में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां सुबह 4:00 बजे से ही श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया था , देर शाम तक लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा अर्चना और जलाभिषेक किया।

जय-भोले, जय-शंकर, जय-भंडारी एवं जय शम्भूनाथ के जयकारों से यहाँ की पहाड़ियाँ शिवमय हो उठी। छोटा कैलाश मन्दिर में दूर दराज से आए भक्तो के लिए उचित व्यवस्था की गई। पेयजल के साथ-साथ प्रसाद तथा भंडारे का आयोजन भी किया गया था।

यह भी पढ़ें -  यहां कलयुगी बेटे ने मां की गला दबाकर की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

भगवान शिव और माता पार्वती ने यहां किया था रात्रि विश्राम

हल्द्वानी। भीमताल ब्लॉक अंतर्गत कैलास पर्वत शिवभक्तों की आस्था का प्रतीक है। यह पर्वत गौला (गार्गी) और कलसा नदियों के बीच में घिरा हुआ है

महाशिवरात्रि के दिन यहां भारी संख्या में देश- प्रदेश के श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन को आते हैं। मान्यता है कि भगवान शिव और माता पार्वती ने छोटा कैलाश पर्वत पर रात्रि विश्राम किया था। तभी से शिवलिंग यहां स्थापित है। खुले आसमान में विराजमान शिवलिंग की पूजा होती है।

यह भी पढ़ें -  नाबालिग छात्रा का अपहरण, ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव, विधायक भी समर्थन में पहुंचीं


छोटा कैलाश मंदिर तक दो मार्ग से पहुंचा जाता है। एक मार्ग अमृतपुर से होते हुए बानना बबियाड़ से है तो दूसरा मार्ग जंगलियागांव भीमताल से जाता है। दोंनों ही मार्ग से भक्तजन भटेलिया पहुंचते हैं। भटेलिया के बाद श्रद्धालुओं को 3-4 किमी की चढ़ाई चढ़नी होती है। वहीं छोटा कैलाश विराजमान है।

मंदिर के विषय में मान्यताएं-

छोटा कैलाश मंदिर के विषय में मान्यता है कि सतयुग में भगवान शिव एक बार यहां आए थे भगवान शिव और माता पार्वती ने इस पर्वत पर विश्राम किया था। महादेव के यहां पर धूनी रमाने के कारण ही तभी से यहां अखण्ड धूनी जलायी जा रही है। मान्यता है कि यहां पहुंचकर शिवलिंग का जलाभिषेक करने से भक्तों की मनोकामना पूर्ण होती है।

Advertisement