

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम का मिजाज तल्ख हो गया है। दक्षिणी पश्चिमी मानसून ने प्रदेश के सभी जनपदों को कवर कर लिया है। पिछले 24 घंटे के भीतर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश रिकॉर्ड हुई, सबसे अधिक वर्षा सोनप्रयाग में 32.5 मिमी रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज रविवार 22 जून को प्रदेश के सभी जनपदों में गर्जन के साथ वर्ष के तीव्र दौर, आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड राज्य में आज रविवार 22 जून को देहरादून और नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बहीं टिहरी, पौड़ी, चंपावत, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को लेकर यलो चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों में गरज चमक के साथ वर्षा के तीव्र दौर की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन सभी जिलों में पैलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश भर में सक्रिय हुआ मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि उत्तराखंड राज्य में मानसून की दस्तक के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों को मानसून ने कवर कर लिया है। उन्होंने बताया प्रदेश में अगले 5 से 7 दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन को लेकर सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है। वहीं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में वर्षा के तीव्र दौर को लेकर ऑरेंज और पेलों अलर्ट की चेतावनी भी जारी की गई है।