
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिरान कलियर थाना क्षेत्र में स्थित गेस्ट हाउस पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री के साथ 5 महिलाओं और 4 पुरुषों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि 3 नाबालिगों को मुक्त कराया गया। पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक और मैनेजर की तलाश तेज कर दी है। हरिद्वार के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल को देह व्यापार से जुड़े संगठित गिरोह के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए AHTU और पिरान कलियर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गेस्ट हाउस पर छापा मारा। यहां से 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 4 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। इस दौरान 3 नाबालिग भी मुक्त कराए गए, जिन्हें गिरोह ने जबरन इस धंधे में धकेल रखा था।
पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री और नगदी बरामद हुई। मुख्य आरोपी मुस्तफा लंबे समय से गेस्ट हाउस की आड़ में यह अवैध धंधा चला रहा था। वह गरीब महिलाओं और लड़कियों को काम दिलाने का झांसा देकर यहां लाता और फिर उनका शारीरिक शोषण करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि मुस्तफा के खिलाफ पहले भी अनैतिक देह व्यापार और गुंडा अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम, पोक्सो एक्ट और B.N.S. की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, फरार गेस्ट हाउस संचालक और मैनेजर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धर्मनगरी की पवित्रता बनाए रखने के लिए ऐसे अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी