उत्तराखंड- यहाँ पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाला आरोपित मृत मिला, गदेरे किनारे झाड़ियों में मिला शव

खबर शेयर करें -

पौड़ी न्यूज़- थलीसैंण थाना क्षेत्र के रौली गांव में पड़ोसी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की सनसनीखेज घटना में नया मोड़ आ गया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपित आनंद सिंह का शव सोमवार सुबह गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गदेरे के पास झाड़ियों में बरामद हुआ। शव के पास से कीटनाशक की शीशी मिलने से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब सात बजे रौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह पर उसके पड़ोसी आनंद सिंह ने घर के ऊपरी कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। घटना के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था। पुलिस और ग्रामीणों ने रविवार को पूरे दिन उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।

यह भी पढ़ें -  टनकपुर -यहां बरसाती नाले में बही मैक्स,सात लोगों को बचाया,नौ लोग थे सवार

सोमवार सुबह दोबारा सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान एक ग्रामीण को घराट के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान फरार आरोपित आनंद सिंह के रूप में हुई।

पुलिस को मौके से कीटनाशक की एक शीशी भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने जहरीला पदार्थ गटककर आत्महत्या की होगी। थानाध्यक्ष थलीसैंण रविंद्र नेगी ने बताया कि मृतक के बाएं हाथ और पैर पर जलने के निशान भी पाए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड- यहाँ इलाज करवाने आये युवकों ने निकाल ली पिस्टल, कहा इलाज करते हो या हम करें तुम्हारा इलाज, फिर सामने आई ये हरकत

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेज दिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
वहीं, जिला अस्पताल पौड़ी के पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल ने बताया कि आग में झुलसे वीरेंद्र सिंह का उपचार जारी है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999