
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र के अधोईवाला में जमीन विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां एक मामा ने अपने ही भांजे पर खुखरी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने भांजे के भाई और मामी पर भी जानलेवा हमला किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में आरोपी मामा और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय गौरव अपनी मां, छोटे भाई और बहन के साथ अधोईवाला में नानी के घर रहता था। गौरव पेशे से फोटोग्राफर था। बताया जा रहा है कि नानी ने अपनी मृत्यु से पहले मकान और जमीन गौरव के परिवार के नाम कर दी थी। इसी बात को लेकर गौरव का मामा नितिन कुमार के साथ विवाद चल रहा था।
सोमवार को गौरव दीपावली की मिठाई देने के लिए अपने छोटे मामा के घर गया था। वहां वह अपने मामा के बेटे भोली के साथ सड़क पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान आरोप है कि उसका बड़ा मामा नितिन कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंच गया और गौरव व भोली के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद नितिन कमरे में गया और दोनों पर खुखरी से हमला कर दिया। गौरव का छोटा भाई करण मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इस दौरान आरोपियों ने उस पर भी हमला किया। इतना ही नहीं, गौरव की छोटी मामी कमला पर भी खुखरी से वार किया गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल गौरव को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।
जमीन विवाद में हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


