
चंपावत न्यूज़- बाराकोट ब्लॉक के घाट-पनार मोटर मार्ग पर घाट मसान देवता मंदिर के पास सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी कार पर अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से पांच युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यूके-05टीए-2878 नंबर की अल्टो कार टिम्टा, गंगोलीहाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। घाट मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण चालक ने कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। उस समय कार में दो युवक बैठे थे, जबकि तीन युवक वाहन के बाहर खड़े थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर नीचे आ गिरा और पांचों युवक इसकी चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव अभियान में जुटकर खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 सेवा से उप जिला अस्पताल लोहाघाट लाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही संदीप कुमार ने दम तोड़ दिया। उप जिला अस्पताल के एमएस डॉ. विराज राठी ने बताया कि सुनील कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए चंपावत रेफर किया गया।
वहीं, वाहन चालक सौरभ कुमार, सुभाष चंद्र और सुजल कुमार को उपचार के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
घायलों के अस्पताल पहुंचने के बाद सीएमओ डॉ. चुफाल भी अस्पताल पहुंचे और वार्ड में जाकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली। स्थिति को देखते हुए संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी अस्पताल बुलाया गया। सीएमओ ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
हादसे में वाहन चालक सौरभ कुमार (24) पुत्र नरेंद्र कुमार, संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम, सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, सुभाष चंद्र (44) पुत्र शिवराम और सुजल कुमार (17) पुत्र कृष्ण राम, सभी निवासी टिम्टा, घायल हुए। इनमें संदीप कुमार की मौत हो गई।
डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम नीतू डांगर भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। मदन सिंह सामंत, शमशेर सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र सिंह और पंकज तिवारी समेत स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण मदद की।
पीछे खड़ी दूसरी कार भी क्षतिग्रस्त
स्थानीय लोगों के अनुसार, बोल्डर की चपेट में आई कार के पीछे खड़ी एक अन्य अल्टो कार संख्या यूके-05टीए-4664 पर भी पत्थर गिरे। इससे दूसरी कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई


