
30 वर्ष के करीब उम्र, बैंगनी टी-शर्ट और काला अंडरवियर पहने था युवक; पुलिस ने शव शिनाख्त के लिए शवगृह में रखवाया।
लालकुआं। बेरीपड़ाव गोला गेट क्षेत्र में गोला नदी से शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर हल्दूचौड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को अपराह्न करीब तीन बजे खड़कपुर के ग्राम प्रधान ने सूचना दी कि बैरीपड़ाव गोला गेट स्थित गोला नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी व्यक्ति मृतक की पहचान नहीं कर पाया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष, लंबाई लगभग 5 फीट 8 इंच है। उसका रंग सांवला, बाल काले, चेहरे का आकार गोल और शरीर इकहरा लेकिन मजबूत है। युवक के चेहरे पर हल्की दाढ़ी है। पुलिस ने बताया कि मृतक ने बैंगनी रंग की हाफ बाजू गोल गले की टी-शर्ट तथा काले रंग का अंडरवियर पहना हुआ था।
शव को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया। शिनाख्त नहीं होने के कारण शव को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस हुलिए के आधार पर मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो अथवा उसके लापता होने की सूचना हो तो तत्काल लालकुआं थाना पुलिस को सूचित करें।
चौकी प्रभारी हल्दूचौड़: 9012358172
प्रभारी निरीक्षक, थाना लालकुआं: 9027052243


