
लालकुआं। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित कांग्रेस एवं INDIA गठबंधन की ‘चलो दिल्ली’ महारैली में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली पहुंचे। महारैली में शामिल होकर उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की।

कांग्रेस एवं विपक्षी गठबंधन की ओर से आयोजित इस महारैली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर चिंता जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कहा कि नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘चलो दिल्ली’ महारैली में शामिल होकर लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की आवाज को मजबूती दी गई।

उन्होंने अपने संदेश में कहा, “वोट की ताकत जनता की ताकत है—इसे कमजोर करने की हर कोशिश के खिलाफ लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रहेगी। लोकतंत्र बचाना है, वोट की ताकत बढ़ाना है।”
दुर्गापाल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट महत्वपूर्ण है और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जरूरी है।
लालकुआं से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली पहुंचने को क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।


