
गोगीनापानी में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
बागेश्वर। जिले के गोगीनापानी गांव में बुधवार शाम एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव का माहौल बन गया है।
मृतक के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब सात बजे फल्यांटी स्थित एक दुकान के बाहर गोगीनापानी निवासी 40 वर्षीय गोपाल राम पुत्र काशीराम, पुष्कर तथा फल्यांटी निवासी जीवन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान गोपाल राम को धक्का लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने इसे हत्या करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिम स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
मृतक गोपाल राम अविवाहित था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसका एक भाई चंदन राम है, जो दिल्ली के एक होटल में नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलने के बाद वह भी घर के लिए रवाना हो गया है। गांव में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।
पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। जिस दुकान के सामने विवाद हुआ, उसके संचालक सहित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जाएंगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि घटनास्थल जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर मुख्य सड़क पर स्थित है। मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना के कारण क्षेत्र दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


