
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपना कुनबा बढ़ाना शुरू कर दिया है। श्रीनगर की निर्दलीय मेयर आरती भंडारी ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ श्रीनगर नगर निगम के 10 पार्षदों ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।
उत्तराखंड में बीजेपी का बढ़ा कुनबा
बता दें कि आरती भंडारी ने 2025 के निकाय चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर श्रीनगर मेयर का चुनाव जीता था। अब उन्होंने भाजपा में शामिल होकर सियासी तौर पर नया कदम उठाया है। उनके साथ 8 निर्दलीय और 2 कांग्रेस पार्षद भी भाजपा में शामिल हुए हैं।
निर्दलीय मेयर आरती भंडारी ने थामा बीजेपी का हाथ
देहरादून बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आरती भंडारी और सभी पार्षदों को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई।
10 पार्षद भी बीजेपी में शामिल, महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री और श्रीनगर विधायक धन सिंह रावत भी मौजूद रहे। महेंद्र भट्ट ने भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं और पार्षदों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार उत्तराखंड में सरकार बनाएगी।
श्रीनगर से इन पार्षदों ने थाना भाजपा का दामन
- अंजली भंडारी, निर्दलीय पार्षद
- मीणा देवी, निर्दलीय पार्षद
- भावना चौहान, निर्दलीय पार्षद
- प्रवेश चमोली, निर्दलीय पार्षद
- विजय कुमार चमोली, निर्दलीय पार्षद
- आशीष नेगी, निर्दलीय पार्षद
- धर्म सिंह रावत, निर्दलीय पार्षद
- नरेंद्र सिंह रावत, निर्दलीय पार्षद
- राजकुमार, कांग्रेस पार्षद
- अनुराग चौहान, कांग्रेस पार्षद


