
हल्द्वानी न्यूज़– गौलापार क्षेत्र में बंद पड़े स्टोन क्रेशर के पीछे बने तालाब से एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पश्चिमी खेड़ा निवासी 85 वर्षीय जीवंती देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। सोमवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जीवंती देवी बीते दो महीनों से लापता थीं। इस संबंध में परिजनों ने 26 नवंबर को काठगोदाम कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि जीवंती देवी दवा लेने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटीं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बुजुर्ग महिला गौलापार स्थित बंद स्टोन क्रेशर के पीछे तालाब तक कैसे पहुंची और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से मृतका के परिवार में शोक का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


