
लालकुआं न्यूज- बिंदुखत्ता की लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं को लेकर वन अधिकार संगठन का शिष्टमंडल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मिला। शिष्टमंडल ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। खास तौर पर किसानों को खाद उपलब्ध कराने और बच्चों के जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
शिष्टमंडल ने गौला नदी में तटबंध निर्माण, बिंदुखत्ता के किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, गन्ना किसानों को हल्द्वानी की सहकारी समिति से जोड़ने और बच्चों के जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
खाद की किल्लत दूर करने के निर्देश
बिंदुखत्ता में किसानों को खाद की कमी का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हल्दूचौड़ सहकारी समिति में बिंदुखत्ता के किसानों के लिए अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने और पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, गन्ना किसानों को हल्द्वानी की सहकारी समिति से जोड़ने और उन्हें उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बच्चों के प्रमाण पत्रों पर डीएम ने दिखाई सख्ती
जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी का मामला उठने पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों के प्रमाण पत्र किसी भी स्थिति में लंबित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल के कारण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अमीन से रिपोर्ट लगवाकर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
गौला नदी पर तटबंध निर्माण की मांग भी उठाई
शिष्टमंडल ने गौला नदी से होने वाले भू-कटाव और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए नदी में तटबंध निर्माण की मांग भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
वन अधिकार संगठन की पहल और जिलाधिकारी के सकारात्मक रुख से बिंदुखत्ता के ग्रामीणों को लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।
इस दौरान वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, अधिवक्ता बलवंत सिंह बिष्ट, पूर्व सैनिक संगठन से कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, राजेंद्र सिंह बिष्ट और गोविंद गिरी सहित आधा दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।


