
लालकुआं। निकटवर्ती क्षेत्र बिंदुखत्ता के 17 एकड़ शास्त्री नगर में शनिवार को एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई, जहां 51 वर्षीय कृषक पूरन सिंह बिष्ट ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरन सिंह बिष्ट अपने भाई के साथ रह रहे थे। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों को संदेह हुआ। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई पुलिस की मौजूदगी में जब कमरे का कुंडा तोड़कर कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटके मिले। परिजनों ने तुरंत उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक पारिवारिक कारणों से लंबे समय से मानसिक तनाव में था। परिजनों के मुताबिक उसकी पत्नी वर्ष 2014 में मायके चली गई थी, और बच्चे भी उसी के साथ रह रहे थे, जिसके चलते वह अवसाद में रहने लगा था।
मौके पर पहुंचे कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अवसाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


