
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, जहां पर दिनेशपुर फ्लाईओवर के पास भीषण सड़क हादसे में युवक की जिंदगी चली गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने के गम्भीर आरोप लगाए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र के नंदपुर निवासी 23 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र कल्याण सिंह बीते बुधवार की सुबह करीब 7:45 बजे बाइक पर सवार होकर अपने घर से निकला था। तभी जैसे ही उसकी बाइक रुद्रपुर में दिनेशपुर फ्लाईओवर के पास पहुंची तो अचानक डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर और बाइक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को घटित होता देख आसपास के लोगों की घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई जिन्होंने युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहाँ उसका उपचार शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि जितेंद्र परिवार का इकलौता बेटा था जो प्रेमनगर कुटिया के पास स्थित अनहद इंडस्ट्रीज में कार्यरत था। जैसे ही घटना की सूचना जितेंद्र के परिजनों को मिली तो वह अस्पताल पहुंचे जिन्होंने जितेंद्र के इलाज के बारे में जानकारी प्राप्त की। ब्लड बहने के कारण जितेंद्र की हालत बिगड़ने लगी जिस पर परिजनों ने आरोप लगाया कि जब जितेंद्र को अस्पताल लाया गया था तब उसके शरीर से अधिक रक्तस्राव नहीं हो रहा था। हालांकि इलाज के दौरान अचानक से जितेंद्र का तेज रक्त स्राव शुरू हो गया जिससे उसकी हालत और अधिक बिगड़ गई और कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण जितेंद्र की मौत हुई है। उन्होंने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते जितेंद्र को उचित उपचार दिया जाता तो उसकी जिंदगी बच सकती थी। इसी मांग को लेकर उन्होंने पीएमएस का घेराव किया गया और मामले की निष्पक्ष जांच करने की बात कहीं गई। जितेंद्र की मौत के मामले में डॉक्टरों द्वारा लापरवाही बरती गई है या नहीं इसका खुलासा पूरी जांच पड़ताल होने के बाद ही पता चल पाएगा


