
काशीपुर न्यूज़- ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में किराये के मकान में पंखे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना कुंडा कोतवाली क्षेत्र के हरियावाला गांव की है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मोहल्ला गंज निवासी नेहा के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब सात वर्ष पहले रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र के नरपतनगर निवासी रोहित से हुई थी। शादी के बाद दोनों हरियावाला गांव में किराये के मकान में रह रहे थे। दंपती का पांच वर्षीय बेटा फिलहाल अपने दादा-दादी के साथ रहता है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय नेहा का पति रोहित ई-रिक्शा लेकर घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान नेहा का शव कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से लटका मिला। ग्राम प्रधान की सूचना पर सूर्या चौकी पुलिस, एसआई भूमिका पांडे और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
इधर, मृतका के पिता उदयराज ने कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बेटी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


