


- किसान महासभा की तालाबंदी की चेतावनी का दिखा असर, बागजाला में सड़क की मरम्मत और डामरीकरण का काम शुरू
- यह जनता के संघर्ष की जीत : किसान महासभा
- एकताबद्ध संघर्ष से ही मालिकाना अधिकार और राजस्व गांव के अधिकार को भी जीता जायेगा
अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला कमेटी द्वारा जनता के साथ मिलकर चलाये गये लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार बागजाला में सड़क की मरम्मत का काम शुरू हो गया है. गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचकर किसान महासभा प्रतिनिधिमंडल ने बागजाला (गौलापार) में सड़क की मरम्मत का बजट आवंटित होने और काम का बार बार आश्वासन देने के बाद भी कार्य नहीं किये जाने पर ग्रामीणों के रोष का प्रकटीकरण करते हुए दीपावली के बाद भी कार्य शुरू नहीं होने की स्थिति में आंदोलन और विभाग में तालाबंदी करने की चेतावनी दी थी. इस जनदबाव में बागजाला में सड़क की मरम्मत का काम शुरू हो गया है. जो कि किसान महासभा के नेतृत्व में चले आंदोलन और जनता की एकता और संघर्ष की जीत है.
उल्लेखनीय है कि किसान महासभा के द्वारा मार्च से लेकर अब तक कई दौर की वार्ताओं में बागजाला में विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत तत्काल प्रभाव से किये जाने का आश्वासन दिया गया था. साथ इसके लिए बजट 13.31 लाख रुपये भी लोक निर्माण विभाग के खाते में आ गया था. लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी बागजाला (गौलापार) में सड़क की मरम्मत के काम में एक भी इंच की प्रगति नहीं हुई थी. अब अनिश्चितकालीन तालाबंदी की चेतावनी के बाद सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हुआ है.
भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय ने कहा कि, जिस तरह बागजाला की जनता के धैर्यपूर्वक किये गये एकताबद्ध संघर्ष से सड़क के डामरीकरण का कार्य शुरू हुआ है उसी तरह एकता और आंदोलन के बल पर बागजाला गांव में जल जीवन मिशन की रुकी हुई योजना, निर्माण कार्यो पर लगी रोक भी हटेगी और भूमि के मालिकाना अधिकार को हासिल कर राजस्व गांव के अधिकार को भी जीता जायेगा.
इस अवसर पर डॉ कैलाश पाण्डेय, डॉ उर्मिला रैस्वाल, वेद प्रकाश, विमला देवी, हेमा आर्य, दीवान सिंह बर्गली, मीना भट्ट, दौलत सिंह कुंजवाल, महेन्द्र आर्य, हेमा देवी, दिनेश चंद्र, गोपाल सिंह बिष्ट, चन्द्रप्रकाश, प्रेम सिंह नयाल, यशपाल, चंदन सिंह मटियाली, हीरा देवी, दीपा देवी, उमा, हरक सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे.


