
जनगणना-2027 को लेकर मुकेश बोरा की पहल, 710 दुग्ध समितियों के जरिए 34 हजार परिवारों तक पहुंचेगा जागरूकता संदेश
स्व-गणना अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए दुग्ध उत्पादकों को किया जाएगा प्रेरित, समितियों के सचिवों को लिखित पत्र भेजकर जागरूकता फैलाने का आह्वान*
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में जनगणना-2027 को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण के तहत संचालित स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही इस राष्ट्रीय अभियान का संदेश जनपद के दुग्ध उत्पादकों एवं उनके परिवारों तक पहुंचाने और उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नैनीताल दुग्ध संघ से जुड़ी पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से लगभग 34 हजार दुग्ध उत्पादकों एवं उनके परिवारों को जनगणना-2027 के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए दोनों क्षेत्रों की समितियों के पदाधिकारियों, सचिवों एवं संबंधित कार्मिकों के सहयोग से स्व-गणना की प्रक्रिया, उसकी उपयोगिता और ऑनलाइन पंजीकरण के संबंध में जानकारी साझा की जाएगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुकेश बोरा ने सभी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों से विशेष आह्वान किया कि वे अपने-अपने पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादकों एवं उनके परिवारों को जनगणना-2027 के प्रति जागरूक करने के लिए लिखित पत्र भेजकर स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि समितियों के सचिव व्यक्तिगत स्तर पर भी उत्पादकों से संपर्क कर उन्हें ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी दें, ताकि अभियान का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंच सके। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने के साथ-साथ अपने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद नैनीताल में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके तहत नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल अथवा लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक जानकारी जमा करने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ केवल दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों के संरक्षण और संवर्धन के लिए ही प्रतिबद्ध के साथ साथ सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियानों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने सभी दुग्ध समितियों से अभियान को प्राथमिकता देते हुए पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के अधिक से अधिक परिवारों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी. एंड आई. सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


