
लालकुआं न्यूज़- हल्दूचौड़ क्षेत्र के ग्राम दुर्गापालपुर परमा फेस-1 में चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कमला बिष्ट का परिवार किसी रिश्तेदारी में गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए और पूरे मकान को खंगाल डाला। चोर घर में रखे जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। आज परिजनों के लौटने पर घटना का पता चला। घर का ताला टूटा मिला और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा


