
हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पत्नी के मायके से वापस न लौटने से नाराज एक युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक तीन बच्चों का पिता था और प्लंबर का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से पीलीभीत जिले के बहादुरगंज निवासी सर्वेश कुमार (37) पुत्र अनोखे लाल पिछले कई वर्षों से पनियाली क्षेत्र में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे। सर्वेश प्लंबर का कार्य करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इन दिनों उनकी पत्नी अपनी छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात सर्वेश की पत्नी से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके से वापस न आने को लेकर वह काफी परेशान और नाराज थे। बातचीत के बाद उन्होंने घर के टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि सर्वेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार के सभी सदस्यों के बेहद प्रिय थे। करीब 13 वर्ष पूर्व उन्होंने खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। जयप्रकाश के अनुसार, घटना से पहले सर्वेश ने अपने एक कारोबारी मित्र के सामने फोन पर पत्नी से कहा था कि यदि वह उसी दिन मायके से वापस नहीं आई तो वह उसका “मरा हुआ मुंह देखेगी”।
परिजनों ने यह भी बताया कि सर्वेश इससे पहले भी इस वर्ष होलिका दहन की रात आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे। उस समय उन्होंने घर में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें बचा लिया गया था।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि मुखानी कोतवाली क्षेत्र में युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


