
हल्दूचौड़। बंद मकानों की दिन में रेकी और रात में ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का हल्दूचौड़ पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथी के साथ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने क्षेत्र में घूमकर बंद मकानों को चिन्हित करता था और रात में वारदात को अंजाम देता था।
जागनाथ भवन, अंबिकापुरम, गौला रोड हल्दूचौड़ निवासी कलावती भट्ट करीब दो माह पूर्व उपचार के लिए अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। चार सितंबर को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत पर लालकुआं कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सुराग मिलने पर पुलिस टीम ने 19 सितंबर को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में यासीन ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने घूमता था। इस दौरान वे बंद मकानों की रेकी करते थे। रात करीब 12 से एक बजे के बीच आसपास के लोगों के सो जाने के बाद सरिया आदि से ताला तोड़कर घर में दाखिल होते और चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की फूलदार अंगूठी, चांदी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी बिछुए और सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में दूसरा आरोपी आबिद उर्फ लालू पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक आबिद के खिलाफ हल्द्वानी थाने में चोरी और नकबजनी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है


