
देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर मैदानी जिलों में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने राहत भरी खबर देते हुए कहा है कि 28 मई से प्रदेश समेत पूरे देश में मौसम करवट ले सकता है और अगले तीन से पांच दिनों में मैदानी इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है।
मैदानों में लू का प्रकोप, दोपहर में सूनी रहीं सड़कें
मंगलवार को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, हालांकि दोपहर बाद हवाओं में हल्की नरमी आने से तापमान गिरकर 38.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।
वहीं हरिद्वार और रुड़की में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। उमस और तेज गर्मी के कारण लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पहाड़ों में बदला मौसम, बारिश से बढ़ी ठंडक
मैदानों के उलट पर्वतीय इलाकों में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह जहां तेज धूप खिली रही, वहीं बाद में आसमान में घने बादल छा गए। चमोली और बद्रीनाथ में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों, मुनस्यारी और बागेश्वर में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। पिथौरागढ़ में 17.4 मिमी, डीडीहाट में 8 मिमी, बेरीनाग में 2 मिमी और गरूड़ में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। नई टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा।
उन्होंने बताया कि अगले एक-दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे मैदानी इलाकों में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
28 मई से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे देश में इस समय भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है। हालांकि 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। उत्तराखंड में भी इसका असर देखने को मिलेगा और मौसम में बदलाव आने की संभावना है।


