
ऊधम सिंह नगर जिले में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार कार और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, पांच युवक मुरादाबाद की ओर से अलीगंज होते हुए काशीपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान काशीपुर की तरफ से आ रहे एक डंपर से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कनकपुर निवासी आकाशदीप सिंह, कुंडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भरतपुर निवासी गुरजिंदर सिंह और उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कासमपुर गढ़ी निवासी मोहम्मद खादिम के रूप में हुई है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल युवकों में काशीपुर के लक्ष्मीपुर पट्टी निवासी राज ए आलम और बिजनौर के अफजलगढ़ निवासी मोहम्मद नईम शामिल हैं। दोनों घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना डायल 112 पर मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार सवार युवकों को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।


