
चंपावत न्यूज़– जिले के टनकपुर क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शारदा रेंज के जंगल में घास लेने गई 45 वर्षीय महिला को जंगली हाथी ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हाथी ने पहले महिला को उठाकर जमीन पर पटका और फिर पैरों से कुचल दिया। महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में जंगल में मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नई बस्ती वार्ड नंबर-5 निवासी माधुरी देवी (45) पत्नी भूपराम गुरुवार दोपहर बाद शारदा रेंज के सेना पानी मार्ग की ओर घास लेने गई थीं। इसी दौरान जंगल में अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई भयावह घटना
आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक हाथी ने पहले महिला को सूंड से उठाकर जमीन पर जोर से पटका और फिर बार-बार पैरों से रौंद दिया। घटना के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने महिला को जंगल में गंभीर हालत में पड़ा देखा और तत्काल पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची वन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम
सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इलाके में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद टनकपुर के शारदा रेंज क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की सक्रियता बढ़ गई है, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है।
वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों को जंगल में अकेले न जाने की सलाह दी है


