उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक लगातार वर्षा हो रही है, जिससे तापमान सामान्य से कम है। पिथौरागढ़ में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद है।
पिथौरागढ़। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक वर्षा का दौर जारी है। कई क्षेत्रों में रिमझिम वर्षा हो रही है, जबकि कहीं-कहीं तीव्र बौछारें भी पड़ रही हैं। वर्षा के बीच ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम बना हुआ है।
वहीं पिथौरागढ़ में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग 6 जगह पर बोल्डर आने से बंद हो गया है। टनकपुर- तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग कुलागाड़ के समीप बंद है। जिले के अन्य 18 आतंरिक मार्ग भी बंद हैं। धारचूला में काली नदी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन-चार दिन मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है। मंगलवार के बाद वर्षा का सिलसिला थमने के आसार हैं। शनिवार को आठ जिलों में तीव्र वर्षा को लेकर यलो अलर्ट है।


