उत्तराखंड: सचिवालय में नौकरी का सपना दिखाकर 30 लाख की ठगी! बिहार के युवक को दिया फर्जी नियुक्ति पत्र

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में संविदा पर नौकरी और फ्लैट दिलाने का भरोसा देकर बिहार के एक व्यक्ति से करीब 30 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने डिजिटल न्यूज पोर्टल के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बिहार निवासी आशीष कुमार ने शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात मार्च 2020 में देहरादून में अभय कुमार नाम के व्यक्ति से हुई थी। अभय ने खुद को एक डिजिटल न्यूज पोर्टल का संचालक बताते हुए उत्तराखंड सचिवालय में संविदा पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के इस शहर में होगी युद्ध की मॉकड्रिल, आ गया मोदी सरकार का आदेश

शिकायत के मुताबिक, नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से करीब 25 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद 30 मार्च 2020 को आरोपी ने आशीष को प्रशिक्षु जिला विकास अधिकारी पद का नियुक्ति पत्र दिया।

आशीष का आरोप है कि जब उन्होंने नियुक्ति पत्र की जांच कराई तो वह फर्जी निकला। नौकरी नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी।

शिकायत में फ्लैट दिलाने के नाम पर करीब 5 लाख रुपये नकद लेने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने उन्हें एक फ्लैट दिखाया और बाद में उससे संबंधित एक कथित समझौता तैयार कराया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: हेमंत द्विवेदी बने बदरी-केदार समिति के नए अध्यक्ष, सीएम धामी ने सौंपी जिम्मेदारी

पीड़ित का यह भी आरोप है कि रकम वापस करने के लिए दिए गए कई चेक बैंक में बाउंस हो गए। कुछ चेक आरोपी की पत्नी के नाम से होने की बात भी शिकायत में कही गई है।

आशीष ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो उनके साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी के डिजिटल न्यूज पोर्टल पर उनके मित्र सुनील कुमार शर्मा को सरकारी नौकरी मिलने से जुड़ी कथित भ्रामक खबर प्रकाशित की गई थी।

यह भी पढ़ें -  नैनीताल जनपद की 126 करोड़ 69 लाख लागत की 27 विकास परियोजनाओं के साथ गौशाला का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण एवं शिलान्यास।

राजपुर थाना प्रभारी पीड़ी भट्ट के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय के पोर्टल के माध्यम से मिली शिकायत के आधार पर अभय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब लेनदेन और मामले में आरोपी की भूमिका समेत शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2021 में आशीष और सुनील ने भी राजपुर थाने में शिकायत दी थी। वहीं एक अन्य व्यक्ति अजय शंकर की ओर से भी आरोपी के खिलाफ रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999