
अल्मोड़ा न्यूज़- धौलछीना से सेराघाट की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो कार शनिवार को कसाण बैंड के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार में चल रही स्कॉर्पियो (नंबर डीएल-3सीसी जेड 8690) मोड़ पर अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर लगभग 35 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
कार में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है


