
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रदेश कार्यसमिति के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण और जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए हल्द्वानी में उठाए गए मुद्दों को राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की विभाजनकारी राजनीति का हिस्सा बताया।
शुद्धिकरण मामले पर नितिन नबीन ने कांग्रेस पर साधा जमकर निशाना
नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की सांस्कृतिक एवं वैचारिक विरासत भाजपा को ऊर्जा देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हल्द्वानी की पवित्र भूमि से राजनीतिक खेल खेलने और समाज को बांटने का प्रयास किया, लेकिन उत्तराखंड की जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
उत्तराखंडपर्यटन
दलितों के अपमान से जुड़ा रहा है कांग्रेस का इतिहास
उन्होंने कांग्रेस के दलित प्रेम पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास दलितों के अपमान से जुड़ा रहा है। उन्होंने सीताराम केसरी, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। नबीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज जिन मुद्दों को उठा रही है, उनके पीछे केवल राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश है।
भाजपा अध्यक्ष ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के दौरान वाल्मीकि समाज की स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दलित समाज के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आंबेडकर के नाम पर पंचतीर्थ विकसित किए जाने का भी उल्लेख किया।
नितिन नबीन ने थपथपाई सीएम धामी की पीठ
नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, चारधाम ऑल वेदर रोड और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास से प्रदेश को नई गति मिली है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और शहीदों के आश्रितों के लिए किए गए फैसलों के लिए धामी सरकार की प्रशंसा की। नबीन ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत केवल सत्ता हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा और विकास के मॉडल की जीत भी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 की जीत के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की ओर मजबूती से कदम बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सामर्थ्य और जनता का विश्वास यह बता रहा है कि उत्तराखंड में भाजपा का विजय रथ रुकने वाला नहीं है।
उत्तराखंडपर्यटन
उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर जाएं: CM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार के कामों का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर है।
धामी ने कांग्रेस पर देश और विदेश में भ्रम एवं अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस की राजनीति को बेनकाब करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘यह दशक उत्तराखंड का होगा’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों का असर चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर पहुंचने और 2027 की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।


