लालकुआं : (बड़ी खबर) चोरों ने पुलिस को दी बड़ी चुनौती, 36 लाख के आभूषण चोरी

खबर शेयर करें -

लालकुआं। बिंदुखत्ता के सुभाष नगर स्थित दवाई फार्म में अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर धावा बोलकर 35 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोरों ने पहले परिवार के सदस्यों को उनके कमरों में बंद किया और फिर इत्मीनान से जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण समेट लिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त गोधन सिंह बिष्ट के अनुसार, चोरी की वारदात बीती रात करीब 12 से 2 बजे के बीच अंजाम दी गई। घर में उनकी पत्नी और तीन बहुओं के आभूषण एक ही कमरे में रखे थे। चोरों ने घर में घुसकर सबसे पहले परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं। इसके बाद धारदार औजार से जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे बॉक्स खंगाल डाले और आभूषण लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर कमरों के दरवाजे बाहर से बंद होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने ऊपर पहुंचकर कमरों की कुंडियां खोलीं। इसी दौरान घर में चोरी होने का शक हुआ। जांच करने पर जेवरात वाले कमरे का ताला टूटा मिला और बॉक्स में रखे सभी आभूषण गायब थे।

चोरी हुए आभूषणों में करीब 25 तोला सोने के झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली सहित अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा करीब चार तोला चांदी की चार पायल, तीन लोगों के कंगन, दो बिछुए और एक अंगूठी भी चोर ले गए। वरिष्ठ समाजसेवी हर्ष बिष्ट के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
गौरतलब है कि सुभाष नगर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक सप्ताह पूर्व धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते वे सफल नहीं हो पाए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत और पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर नाराजगी बढ़ने लगी है।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी का खुलासा करने में जुटी है।
वहीं, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999