
लालकुआं न्यूज़- नगर के आजाद नगर क्षेत्र में करीब एक माह पहले हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए नकब लगाने के औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीती 17 अक्टूबर की रात आजाद नगर वार्ड नंबर चार निवासी मोहनी देवी के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। चोर घर से लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर थाना लालकुआं में मुकदमा अपराध संख्या 167/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।
चोरी की वारदात के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट और उपनिरीक्षक वंदना चौहान को शामिल किया गया। पुलिस ने लालकुआं और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा संदिग्धों से पूछताछ और सुरागरसी-पतारसी के जरिए आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए गए।
लगातार जांच के बाद पुलिस को सफलता मिली। 5 नवंबर को पुलिस टीम ने डर्बी जंगल से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा और उसके भाई विकास मंडल पुत्रगण वीरेंद्र सिंह निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो सोने के मंगलसूत्र, दो सोने के कान के कुंडल और पांच चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.69 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही चोरी की घटना में इस्तेमाल किए गए नकब लगाने के औजार भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विशाल मंडल उर्फ चीमा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हल्द्वानी, काठगोदाम, लालकुआं, मुखानी और दिनेशपुर थानों में आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई थी। वहीं, दूसरे आरोपी विकास मंडल के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है


