
लालकुआं न्यूज़- नगर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए नगर पंचायत ने कई बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी है। साप्ताहिक हाट बाजार परिसर में करीब 4.25 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी कॉम्प्लेक्स का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। वहीं, ग्रीन पार्क के समीप आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्विमिंग पूल भी बनाया जाएगा। इसके अलावा आगजनी और अन्य आपदाओं से प्रभावित गरीब परिवारों को 10 हजार से 21 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में विकास और जनहित से जुड़े करीब तीन दर्जन प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए।
नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में नगर की विभिन्न समस्याओं, जनसुविधाओं और आगामी विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय साप्ताहिक हाट बाजार परिसर में करीब 4.25 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी कॉम्प्लेक्स का निर्माण शीघ्र शुरू कराने का रहा।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इसे अपनी बहुप्रतीक्षित योजना बताते हुए कहा कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। कॉम्प्लेक्स के निर्माण से नगर में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक में ग्रीन पार्क के समीप आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्विमिंग पूल बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। नगर पंचायत जल्द ही इस योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य शुरू करेगी। इसके साथ ही गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के लिए अहम फैसला लिया गया। नगर क्षेत्र में किसी परिवार के मकान में आग लगने अथवा अन्य आपदा से नुकसान होने पर नगर पंचायत की ओर से 10 हजार से 21 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बकायेदार दुकानदारों पर होगी कार्रवाई
नगर पंचायत की दुकानों का लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों पर भी अब सख्ती की जाएगी। बोर्ड बैठक में निर्णय लिया गया कि किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के एग्रीमेंट निरस्त कर दुकानों को खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभासद नेहा आर्या, धन सिंह बिष्ट, सुरेश साह, भुवन पांडे, दीप्ति पांडे, योगेश उपाध्याय, नामित सभासद गौरव कपूर, विनोद श्रीवास्तव, लिपिक सोनू भारती, कामेश भंडारी, मनोज बर्गली, गोपाल खत्री तथा अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।


