
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 22 अक्तूबर निर्धारित की गई है, जबकि शारीरिक दक्षता परीक्षा 19 नवंबर से प्रस्तावित है।
200 पदों पर होगी भर्ती
आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार स्केलर के कुल 200 पदों में 105 पद सामान्य वर्ग के लिए हैं। वहीं अनुसूचित जाति के 39, अन्य पिछड़ा वर्ग के 27, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 21 और अनुसूचित जनजाति के 8 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा नियमानुसार महिला, भूतपूर्व सैनिक, अनाथ, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और राज्य आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
12वीं पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो अभ्यर्थी की आयु एक जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। उत्तराखंड के आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
भौगोलिकसंदर्भ
दो चरणों में होगा चयन
स्केलर पद पर चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा अर्हकारी होगी। पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। दौड़ में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद की परीक्षा में शामिल होना होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ही चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल किया जाएगा।
100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
दूसरे चरण में 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी और यह वस्तुनिष्ठ प्रश्नों पर आधारित ऑफलाइन परीक्षा होगी। इसमें अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक-चौथाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।
22 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू
बता दें 22 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू हों जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 22 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन में 26 से 27 अक्तूबर तक अभ्यर्थी संशोधन कर सकते हैं। इसके अलावा शारीरिक दक्षता परीक्षा 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है। सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपए निर्धारित किया गया है। जबकि उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 रुपए शुल्क देना होगा। वहीं अनाथ अभ्यर्थियों के लिए आवेदन पूरी तरह निशुल्क रहेगा।


