सांसद अजय भट्ट की फटकार के बाद एक्शन में एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने जनप्रतिनिधियों संग किया हाईवे का स्थलीय निरीक्षण, कई अहम फैसलों पर बनी सहमति।

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/लालकुआं।

राष्ट्रीय राजमार्ग-109 (हल्द्वानी-लालकुआं-पंतनगर खंड) पर लगातार हो रहे जानलेवा हादसों और बदहाल व्यवस्था को लेकर सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अजय भट्ट के कड़े निर्देशों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। सांसद के सख्त अल्टीमेटम के बाद नींद से जागे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने बुधवार को सांसद प्रतिनिधि के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ हाईवे का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान हाईवे की तमाम जानलेवा कमियों को बारीकी से परखा गया और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मौके पर ही कई अहम तकनीकी सुधारों पर आम सहमति बन गई।
विदित हो कि बीते दिनों सांसद अजय भट्ट ने अपने हल्द्वानी स्थित आवास पर बैठक कर एनएच अधिकारियों को एसी कमरों से बाहर निकलकर हकीकत देखने की कड़ी फटकार लगाई थी। इसी क्रम में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अचल जिंदल अपनी पूरी तकनीकी टीम के साथ हल्दूचौड़ पहुंचे। इस विस्तृत निरीक्षण अभियान का नेतृत्व सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती,सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने किया, जिन्होंने अधिकारियों और स्थानीय जनता के बीच समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया कि क्षेत्रीय लोगों की जायज मांगों को अनसुना न किया जाए।
घंटों चले इस संयुक्त स्थलीय निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को हाईवे के ब्लैक-स्पॉट्स और अवैज्ञानिक कटों की हकीकत दिखाई, जिसके बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। आम सहमति से तय हुआ कि हल्दूचौड़ चौराहे के कट को दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए व्यवस्थित रूप से खोला जाएगा। इसके अलावा, एवरग्रीन स्कूल के ठीक सामने भी मानकों के अनुरूप एक नया कट खोला जाएगा ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके। हाईवे के मीडियन कट्स (डिवाइडर के बीच की जगह) पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मानक के अनुसार लगभग 6 से 7 मीटर के बैरिकेड्स लगाए जाएंगे, साथ ही वहां पर्याप्त लाइट और चेतावनी वाले साइन बोर्ड भी स्थापित किए जाएंगे।
पैदल यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निरीक्षण में तीन अहम स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज (FOB) बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी के ठीक सामने, हल्दूचौड़ मुख्य बाजार में और बबुर गुमटी के पास फुट ओवर ब्रिज प्रस्तावित किए गए हैं। इसके साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों को सीधे तेज रफ्तार हाईवे पर आने से बचाने और सुरक्षित रास्ता देने के लिए हाईवे के दोनों किनारों पर तीन-तीन फीट की सर्विस लाइन (मार्ग) बनाए जाने पर भी मोहर लगी है। वहीं, हाईवे पर दुर्घटना का बड़ा कारण बन रहे आवारा गौवंश की समस्या से निपटने के लिए तय हुआ कि उन्हें तत्काल हटाने के लिए एनएचएआई के जेसीबी ऑपरेटर का मोबाइल नंबर हाईवे पर जगह-जगह चस्पा किया जाएगा, ताकि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई हो सके।
इस अत्यंत महत्वपूर्ण संयुक्त निरीक्षण में जन-आवाज बुलंद करने वालों में मुख्य रूप से सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी,ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी, ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र दुर्गापाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य चिंतामणि पांडे,कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख कमल भंडारी और व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे , ग्राम प्रधान इंद्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान जीवंती देवी, कॉपरेटिव समिति हल्दूचौड़ के अध्यक्ष मोहन चंद्र दुर्गापाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंपा पांडेय, खीम सिंह बिष्ट, कार्तिक बामेठा सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा जल्द ही इन सभी सहमत बिंदुओं पर कार्य शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में सुरक्षित हाईवे की एक नई उम्मीद जगी है।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999