हल्द्वानी में बर्थडे पार्टी के बाद युवक की संदिग्ध मौत, चलती कार से गिरा; तड़पता छोड़ भागे चार दोस्त

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी न्यूज़- बर्थडे पार्टी में दोस्तों के साथ जश्न मनाने गए 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि युवक अपने चार दोस्तों के साथ कार में शराब पीते हुए घूम रहा था। देर रात काठगोदाम क्षेत्र में वह चलती कार से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सबसे गंभीर आरोप यह है कि हादसे के बाद उसके दोस्त उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय सड़क किनारे तड़पता छोड़कर कार समेत मौके से फरार हो गए। युवक को बाद में पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान काठगोदाम के तुलसी नगर (पाली सीट) निवासी 21 वर्षीय पुष्कर कोहली के रूप में हुई है। पुष्कर एक निजी स्कूल बस में कंडक्टर था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और कार में सवार दोस्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गुरुवार शाम दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में गया था पुष्कर

जानकारी के अनुसार, पुष्कर कोहली गुरुवार देर शाम अपने चार दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था। पार्टी के बाद सभी दोस्त कार में घूमते हुए जश्न मना रहे थे।

यह भी पढ़ें -  ब्रिटेन में फंसे उत्तराखंड के कैप्टन अजय पंत, जानिए क्या हैं पूरे आरोप

बताया जा रहा है कि देर रात करीब तीन बजे तक चारों दोस्त कार में अलग-अलग जगह घूमते रहे और नशे की हालत में स्नैपचैट पर वीडियो भी बनाते रहे।

चलती कार में शराब पीने का वीडियो आया सामने

घटना के बाद कार के अंदर बनाया गया एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुष्कर और उसके दोस्त चलती कार में शराब पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। कार के अंदर शराब की बोतलें भी नजर आ रही हैं।

वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे से पहले कार में क्या हुआ और पुष्कर आखिर चलती कार से कैसे नीचे गिरा, इसकी जांच अब पुलिस के लिए अहम होगी।

जमरानी कॉलोनी के पास चलती कार से गिरा युवक

बताया जा रहा है कि देर रात कार से घूमते हुए सभी दोस्त काठगोदाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जमरानी कॉलोनी (पनचक्की) के पास पुष्कर संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार के दरवाजे से नीचे सड़क पर गिर गया।

यह भी पढ़ें -  लिव-इन रिलेशनशिप पर सरकार नरम, कोर्ट में दाखिल किया शपथ पत्र — कई नियमों में हो सकती है ढील

दोस्तों का कहना है कि कार का दरवाजा अचानक खुल गया, जिसके बाद पुष्कर नीचे गिर गया। हालांकि, इस दावे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

सड़क किनारे तड़पता छोड़कर कार समेत फरार हुए दोस्त

हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल दोस्तों के व्यवहार को लेकर उठ रहा है। आरोप है कि पुष्कर के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसके चारों दोस्त उसे अस्पताल नहीं ले गए। पुलिस के हत्थे चढ़ने के डर से वे घायल युवक को सड़क किनारे ही तड़पता छोड़कर कार समेत मौके से फरार हो गए।

काफी देर तक पुष्कर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पुष्कर को अस्पताल पहुंचाया। उसके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पुष्कर को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें -  यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था को मिलेगा 'हाईटेक' बूस्ट

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पुष्कर अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की अचानक मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार ने पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर कार में सवार सभी दोस्तों से पूछताछ की जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

दोस्तों से पूछताछ करेगी पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस कार में सवार चारों दोस्तों से पूछताछ कर हादसे की पूरी सच्चाई जानने की तैयारी कर रही है।

पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि पुष्कर चलती कार से आखिर किन परिस्थितियों में नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसके दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार होने का फैसला क्यों किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कार में मौजूद लोगों के बयान और सामने आए वीडियो की जांच के बाद ही पुष्कर की मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999