
चम्पावत में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए चम्पावत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में पुलिस बल को संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के साथ हीनदी-नाले, गधेरे और जलभराव वाले स्थानों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
चम्पावत में बारिश को लेकर पुलिस अलर्ट
बारिश के चलते कहीं मार्ग प्रभावित होने या यातायात बाधित होने की स्थिति में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराने के साथ ही यात्रियों और आमजन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस टीमों को पूरी तरह तैयार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ राहत और बचाव कार्यों में भी सहयोग किया जाएगा।
अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
वहीं, चम्पावत पुलिस ने आमजन से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पुलिस ने नदी-नालों, गधेरों और तेज बहाव वाले स्थानों के नजदीक नहीं जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने को कहा है। पुलिस के मुताबिक, यदि यात्रा बेहद जरूरी हो तो मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सुरक्षित यात्रा करें। साथ ही प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 सितंबर के लिए बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा जिले में बारिश के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।


