
लालकुआं: समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने आज अचानक कालाढुंगी स्थित नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अवशीतन दुग्ध केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दूध रखने की व्यवस्था और विभिन्न गांवों से एकत्र किए गए दूध के संग्रहण और रखरखाव की व्यवस्था को देखा और उसे देखकर अत्यंत प्रभावित हुए।

मंत्री खजान दास ने कहा कि यह प्रणाली बहुत ही प्रभावी और व्यवस्थित है, जो श्वेत क्रांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नैनीताल दुग्ध संघ द्वारा इस क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की और इसे एक बेहतर पहल के रूप में माना। मंत्री जी ने वहां पहुंचे दुग्ध उत्पादकों से भी गर्मजोशी से मुलाकात की और उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के लगातार प्रयासों की बात की और यह भी बताया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व डायरेक्टर शेखर चंद्र जोशी, प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, सुभाष बाबू, शांति कोरंगा, मीना रौतेला, बलवंत सिंह भगत, हेमंत पाल, विपिन तिवाड़ी, भगवान सिंह कुमटिया समेत कई दुग्ध उत्पादक, अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित थे।


