
लालकुआं न्यूज़– पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश चंद्र दुर्गापाल ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वह बिंदुखत्ता के लोगों के साथ हमेशा खड़े रहे हैं और आगे भी क्षेत्रवासियों की मांग के समर्थन में आवाज उठाते रहेंगे।
दुर्गापाल ने कहा कि बिंदुखत्ता के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग का समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पीड़ा की बात है कि बिंदुखत्ता को मिला नगर पालिका का दर्जा वापस हो गया। उनके अनुसार यदि नगर पालिका का दर्जा कायम रहता तो क्षेत्र में विकास की गति और तेज होती।
उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने बिंदुखत्ता को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की पहल की थी। उनके कार्यकाल में क्षेत्र के बिजली प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिली। कांग्रेस सरकार के दौरान बिंदुखत्ता में सड़क, अस्पताल, स्कूल, बिजली और आईटीआई समेत कई विकास कार्य कराए गए। पूर्व मंत्री ने वर्ष 2002 में एनडी तिवारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिंदुखत्ता में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उस दौरान बिना किसी आंदोलन के क्षेत्र में सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ आईटीआई और कई स्कूलों का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता के विकास में एनडी तिवारी के योगदान को भुलाया नहीं जाना चाहिए। दुर्गापाल ने भाजपा सरकारों के कार्यकाल में बिंदुखत्ता के विकास कार्यों को अपेक्षित गति नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब दस वर्षों से क्षेत्र के कई विकास कार्य ठप पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्व गांव की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में वह क्षेत्रवासियों के साथ हैं और आगे भी इस मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।


