
लालकुआं। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के हड़ियागांव स्थित कार्यालय में सोमवार को अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुग्ध संघ की योजनाओं, दुग्ध संग्रहण, उत्पादन, विपणन, वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक शुरू होने से पहले अध्यक्ष मुकेश बोरा के जन्मदिवस पर उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, संचालक मंडल के सदस्यों, दुग्ध संघ के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की।
बोर्ड समीक्षा बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुग्ध की गुणवत्ता में सुधार, विपणन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संघ की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया गया।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का हित ही दुग्ध संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर सेवाएं, उचित मूल्य और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संघ लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर धरातल पर उतारने तथा कार्यों में गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य आनंद सिंह नेगी, गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, दीपा बिष्ट, खष्टी देवी, हेमा देवी एवं पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र प्रसाद दुमका, लैब प्रभारी रमेश आर्या, महेंद्र सिंह पडियार, हरीश आर्या, मीना रौतेला, डॉ. रमेश मेहता सहित दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे


