
लालकुआं न्यूज़- बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग को लेकर रविवार को बिंदुखत्ता में ग्रामीणों का बड़ा जनसैलाब उमड़ पड़ा। वनाधिकार संगठन के आह्वान पर हजारों की संख्या में ग्रामीण जनता इंटर कॉलेज जड़ सेक्टर में एकत्र हुए।
जनसभा के बाद दोपहर में ग्रामीणों की विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली जनता इंटर कॉलेज जड़ सेक्टर से शुरू होकर लालकुआं बाजार होते हुए तहसील पहुंचेगी। आयोजकों के मुताबिक सुबह 11 बजे तक करीब 6 हजार ग्रामीण कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके थे। ग्रामीणों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रैली में 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
वनाधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट ने बताया कि बिंदुखत्ता के 32 गांवों के 11,703 दावेदारों की ओर से वनाधिकार कानून-2006 की धारा 3(1)(ज) के तहत सामुदायिक दावा प्रस्तुत किया गया था। उनके अनुसार 19 जून 2024 को जिला स्तरीय वन अधिकार समिति ने इस दावे को सर्वसम्मति से पारित किया था।
इसके बाद बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने के लिए अधिसूचना जारी करने और बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू करने संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजा गया, लेकिन अभी तक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। संगठन का कहना है कि राजस्व ग्राम का दर्जा बिंदुखत्ता के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग है।
इस मांग को लेकर ग्रामीणों की ओर से पिछले कई वर्षों से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिए जाते रहे हैं। वहीं, 15 अगस्त से पदयात्रा के माध्यम से भी जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
रैली और धरना-प्रदर्शन के दौरान बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की अधिसूचना जारी करने के साथ ही गौला नदी के किनारे स्थायी तटबंध निर्माण की मांग भी उठाई जाएगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ग्रामीणों की बड़ी संख्या में जुटने और विशाल रैली की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है। रैली के मार्ग और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


