
हल्द्वानी। विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण), हल्द्वानी के अंतर्गत विद्युत लाइनों एवं संबंधित उपकेंद्रों में निर्माण और अनुरक्षण कार्य के चलते 12 और 14 अक्टूबर 2026 को कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से जारी सूचना के अनुसार, दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाएगी
विभाग के अनुसार, 12 अक्टूबर को टीपी नगर विद्युत उपखंड के अंतर्गत देवला चौड़, खन्ना फार्म, धौलाखेड़ा और कमलुवागांजा क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इनमें मानपुर पश्चिम, देवलचौड़ बंदोबस्ती, गोरापड़ाव सहित आसपास की कॉलोनियां और ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा गन्ना सेंटर, फल मंडी एवं आसपास के क्षेत्रों में भी कार्य के अनुसार बिजली बाधित रह सकती है।
वहीं, 14 अक्टूबर को टीपी नगर, फुलचौड़, फुटकुआं, धौलाखेड़ा और कमलुवागांजा से जुड़े क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी। प्रभावित इलाकों में संगम विहार, जज फार्म, वर्ल्ड बैंक क्षेत्र, कैनालपुर, हरिनगर और लामाचौड़ सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित अवधि को ध्यान में रखते हुए बिजली से संबंधित आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें। साथ ही विद्युत लाइनों के आसपास सावधानी बरतने और विभागीय कार्य में सहयोग करने की अपील की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य की प्रकृति के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।


