
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित किए जाने की मांग को लेकर आयोजित महा रैली ने शुरुआत से ही ऐतिहासिक स्वरूप धारण कर लिया है। जनता इंटर कॉलेज, जड़ सेक्टर में सुबह से ही ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ना शुरू हो गया। शुरुआती रुझानों को देखते हुए यह स्पष्ट हो गया है कि रैली महारैली का रूप ले चुकी है।
बिंदुखत्ता राजस्व गांव संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित इस महा रैली को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखा गया। निर्धारित समय से पहले ही लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे। सुबह 10 बजे से पूर्व ही मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो चुके थे और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है।
चारों ओर जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। मंच से गूंजते देशभक्ति और क्रांतिकारी गीतों ने वातावरण को ऊर्जावान बना दिया है। “ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के” जैसे गीतों पर युवा और बुजुर्ग समान रूप से जोश में नजर आए। ‘भारत माता की जय’ और ‘बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाओ’ के नारों से पूरा जड़ सेक्टर क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
रैली स्थल की ओर बिंदुखत्ता के चप्पे-चप्पे से लोग कूच कर रहे हैं। ग्रामीण अपने निजी वाहनों, कारों और विशेषकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर भारी संख्या में कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक लोगों के पहुंचने का सिलसिला निरंतर जारी है, जिससे यह रैली क्षेत्र के जनआंदोलन का सशक्त प्रदर्शन बनती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा नहीं मिल जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। फिलहाल, जड़ सेक्टर का मैदान जनभावनाओं के महासागर में परिवर्तित हो चुका है


