
हल्द्वानी न्यूज़– शहर में कपड़ों की सिलाई और बुटीक संचालन की आड़ में चल रहे नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। नैनीताल पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और STF की संयुक्त टीम ने रविवार को दमुवाढूंगा क्षेत्र में स्थित एक टेलरिंग बुटीक पर छापा मारकर 5 किलो 02 ग्राम अवैध चरस बरामद की। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दमुवाढूंगा के देवखड़ी इलाके में स्थित ‘डी फैशन बुटीक’ से अवैध नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस, ANTF और STF की संयुक्त टीम ने बुटीक पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान बुटीक के भीतर से 5 किलो 02 ग्राम चरस बरामद हुई। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि चरस की खेप बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र से हल्द्वानी लाई गई थी और इसे शहर समेत आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
बुटीक संचालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पहला आरोपी प्रवीण आर्या (50) निवासी देवखड़ी, दमुवाढूंगा है, जो ‘डी फैशन बुटीक’ संचालित करता था। दूसरा आरोपी बलवन्त सिंह (44) निवासी ग्राम तीख, कपकोट, जिला बागेश्वर है, जिसे चरस सप्लायर बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
बागेश्वर से हल्द्वानी तक फैला था नेटवर्क
जांच में यह भी सामने आया है कि पहाड़ी क्षेत्रों से मैदानी इलाकों तक चरस की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इससे पहले कितनी खेप हल्द्वानी लाई गई और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई होती रही।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तस्करों ने शक से बचने के लिए टेलरिंग बुटीक को कवर के तौर पर इस्तेमाल किया। इलाके में सामान्य दुकान की तरह संचालित हो रहे इस बुटीक पर किसी को संदेह नहीं था।
एसएसपी बोले- नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी सिलाई और बुटीक के काम की आड़ में अवैध कारोबार चला रहे थे, जिसे पुलिस ने बेनकाब कर दिया।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


