
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में स्थित मशहूर और लग्जरी 4-स्टार होटल ‘सरोवर पोर्टिको’ के भीतर चल रहे जिस्मफरोशी के काले कारोबार का पुलिस ने सनसनीखेज भंडाफोड़ किया है। हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल और सुरक्षा के दावों के पीछे चल रहे इस रैकेट ने एनसीआर की पॉश सोसाइटी को हिलाकर रख दिया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान होटल से 11 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जबकि होटल मैनेजर समेत तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
video- https://youtu.be/8vdXky9z2nI?si=BsoRry8Vlx9uvNDG
जांच में सामने आया है कि यह रैकेट बेहद आधुनिक तरीके से चलाया जा रहा था। ग्राहकों से संपर्क साधने वाले दलाल व्हाट्सएप के जरिए युवतियों की सैकड़ों तस्वीरें भेजते थे। ग्राहक अपनी पसंद की फोटो चुनता था और फिर उसे कौशांबी के इसी ‘सरोवर पोर्टिको’ होटल में बुलाया जाता था। होटल के महंगे कमरों में यह धंधा महीनों से फल-फूल रहा था। पुलिस ने जब धावा बोला, तो कई कमरों में आपत्तिजनक स्थितियां मिलीं और बाहर ग्राहक अपनी बारी का इंतजार करते पाए गए।
सीसीटीवी में कैद विदेशी चेहरे, अंतरराष्ट्रीय तार की
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कई विदेशी महिलाओं की आवाजाही भी देखने को मिली है। इससे पुलिस को अंदेशा है कि इस सेक्स रैकेट के तार केवल दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसका नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हो सकता है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान होटल मैनेजर राहुल शर्मा, और ग्राहकों से सेटिंग करने वाले अंकित चौहान व सुनील के रूप में हुई है।
सफेदपोश चेहरों पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार:
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान चार युवक चकमा देकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। पूछताछ में दिल्ली और एनसीआर के कई बड़े व्यापारियों, उद्योगपतियों और रसूखदार बिजनेसमैन के नाम सामने आए हैं, जो इस रैकेट के नियमित ग्राहक थे। पुलिस अब होटल के रजिस्टर और फोन कॉल्स की बारीकी से जांच कर रही है ताकि इन सफेदपोशों को बेनकाब किया जा सके।
मजबूरी और डरा-धमकाकर धकेला गया धंधे में:
शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह के सरगना युवतियों को अच्छी नौकरी का लालच देकर या डरा-धमकाकर इस दलदल में धकेलते थे। रेस्क्यू की गई 11 महिलाओं की काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) के तहत मुकदमा दर्ज कर होटल के लाइसेंस पर भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


