
देहरादून के वसंत विहार थाना क्षेत्र में कथित रूप से लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रही थीं और नौकरी व बच्चों की मुफ्त पढ़ाई जैसे प्रलोभन दे रही थीं। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और वीर सावरकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर-घर जाकर कर रही थीं प्रचार
घटना गुरुवार की बताई जा रही है। वसंत विहार थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर और कांवली माड़ी इलाके में दो महिलाएं — गीता पुरी निवासी बनियावाला और सुनीता राज निवासी कांवली — कथित तौर पर घर-घर जाकर हिंदू परिवारों से संपर्क कर रही थीं। आरोप है कि वे लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के बदले नौकरी लगवाने और बच्चों की मुफ्त शिक्षा जैसे लाभ देने की बात कह रही थीं।
स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने इसकी जानकारी वीर सावरकर संगठन के कार्यकर्ताओं को दी। सूचना मिलते ही संगठन के अध्यक्ष कुलदीप स्वादिया अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे।
संगठन के पहुंचते ही भागने लगीं महिलाएं
संगठन के कार्यकर्ताओं के अनुसार, जब महिलाओं से पूछताछ की गई तो वे मुंह छिपाकर वहां से भागने लगीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका वीडियो बना लिया और स्कूटी से पीछा करते हुए पुलिस को सूचना दी।
112 पर कॉल मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और विकास मॉल के पास से दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया।
QR कोड से खुला धार्मिक पोर्टल
वीर सावरकर संगठन के अध्यक्ष कुलदीप स्वादिया ने आरोप लगाया कि दोनों महिलाएं पिछले 5-6 दिनों से इलाके में सक्रिय थीं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के पास एक कार्ड मिला, जिस पर QR कोड छपा था। कोड स्कैन करने पर ईसाई धर्म से जुड़ी किताबें और एक पोर्टल खुल रहा था।
कुलदीप स्वादिया ने कहा कि महिलाओं ने खुद को ईसाई बताया और लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने की बात सामने आई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वीर सावरकर संगठन की शिकायत पर वसंत विहार पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3/5 तथा BNS की धारा 299 और 62 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वसंत विहार थाना प्रभारी शेंकी कुमार ने बताया कि मामले की जांच उप-निरीक्षक विनय प्रसाद भट्ट को सौंपी गई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है


