
हल्द्वानी न्यूज़- हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर एक मनचले को महिला से छेड़छाड़ करना भारी पड़ गया। नशे में धुत युवक ने महिला पर फब्तियां कसते हुए बदसलूकी की, जिसके बाद महिला ने साहस दिखाते हुए बीच सड़क पर ही उसकी चप्पलों, लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक अल्मोड़ा का रहने वाला है। बुधवार शाम वह हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर नशे की हालत में घूम रहा था। इसी दौरान उसने वहां मौजूद एक महिला के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। महिला ने बिना घबराए तुरंत विरोध किया और आरोपी की सरेआम पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ भी घटना देखने के लिए जमा हो गई।
महिला ने आरोपी को केवल सबक सिखाकर नहीं छोड़ा, बल्कि उसे पकड़कर सीधे हल्द्वानी कोतवाली ले गई और पुलिस के हवाले कर दिया।
तहरीर नहीं मिलने पर शांति भंग में कार्रवाई
हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित महिला की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई। ऐसे में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ शांति भंग की धाराओं के तहत चालान कर आवश्यक कार्रवाई की है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती। सोशल मीडिया पर लोग महिला के साहस की सराहना करते हुए महिलाओं से ऐसे मामलों में बेखौफ होकर आवाज उठाने की अपील कर रहे हैं


