
हल्द्वानी। शहर के चौक बाजार स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में इन दिनों मासूम बच्चों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सीवर योजना के तहत कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा खुदाई के दौरान विद्यालय की पानी की लाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई। आरोप है कि कार्य पूरा होने के बाद भी विद्यालय की जलापूर्ति दोबारा नहीं जोड़ी गई, जिससे स्कूल में पानी की गंभीर समस्या पैदा हो गई है।



विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुआलेहा खातून ने बताया कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को पीने के पानी और अन्य दैनिक आवश्यकताओं के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूरी में बाहर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और विद्यालय का संचालन प्रभावित न हो।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जल संस्थान के जूनियर इंजीनियर (जेई) से भी संपर्क किया गया। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विद्यालय की जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल जैसे संवेदनशील संस्थान में पेयजल व्यवस्था बाधित होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि विद्यालय की पानी की लाइन को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल जोड़ा जाए, ताकि बच्चों को हो रही परेशानी का शीघ्र समाधान हो सके।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या का कब तक स्थायी समाधान करता है और विद्यालय में नियमित जलापूर्ति कब बहाल होती है।


