हल्द्वानी में सिस्टम की लापरवाही ने ली मासूम की जान… जर्जर सड़क, गहरे गड्ढे और बेलगाम डंपर बने 13 वर्षीय अर्जुन की मौत की वजह

खबर शेयर करें -

नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। मुखानी थाना क्षेत्र में प्राइड हॉस्पिटल के पास सृष्टि कंपाउंड के सामने हुए इस हादसे में 13 वर्षीय मासूम अर्जुन की जान चली गई। यह हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन गया है।
जानकारी के अनुसार अर्जुन एक बाइक के पीछे बैठकर गैस सिलेंडर लेकर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर मौजूद गहरे और जानलेवा गड्ढों से बचने की कोशिश में बाइक अचानक असंतुलित हो गई। संतुलन बिगड़ते ही पीछे बैठा मासूम सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पंचक्की चौराहे की ओर से तेज़ रफ्तार में आ रहे डंपर ने बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कीं।
पुलिस का कहना है कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। लेकिन सवाल यह है कि क्या कार्रवाई सिर्फ कागज़ों तक सीमित रहेगी?
मासूम अर्जुन की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर का चिराग बुझ गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। गहरे गड्ढे रोज़ाना राहगीरों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। आज इन जानलेवा गड्ढों ने एक मासूम की जान ले ली—कल किसकी बारी होगी?
अब बड़ा सवाल यह है कि
क्या प्रशासन किसी और मासूम की मौत का इंतज़ार कर रहा है?
या फिर इस हादसे के बाद सिस्टम की नींद खुलेगी?

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999