
अल्मोड़ा न्यूज़- जिले के सल्ट विकासखंड के खुमाड़ गांव में एक प्रेम विवाह का बेहद दर्दनाक अंत सामने आया है। चार साल पहले परिवार और समाज की परवाह किए बिना प्रेम विवाह करने वाले दंपती के रिश्ते का अंत खून-खराबे में हुआ। आरोप है कि पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी भूमिका ने वर्ष 2022 में खुमाड़ गांव के दीपक खर्कवाल से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने परिवार की नाराजगी के बावजूद साथ जीवन बिताने का फैसला किया था। हालांकि विवाह के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। आरोप है कि दीपक आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था और उसे दहेज के लिए भी प्रताड़ित करता था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए दीपक ने डंडे से भूमिका पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से भूमिका मौके पर ही बेहोश हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी दीपक फरार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, उसने वारदात के बाद अपनी मां को घटना की जानकारी दी थी और उसके बाद घर से भाग निकला। बाद में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी के माता-पिता भी उससे परेशान थे। घर में लगातार होने वाले झगड़ों के चलते वे करीब डेढ़ वर्ष पहले घर छोड़ चुके थे और रिश्तेदारों के यहां रहकर जीवनयापन कर रहे थे। आरोपी की मां मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग भी सदमे में हैं।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम से शुरू हुई एक कहानी का इस तरह हिंसक अंत होने से लोग स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ जैसे शांत क्षेत्रों में भी अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता और भय का माहौल है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


